GYAN PRAKASH DUBEY

— NGV PRAKASH NEWS रिपोर्ट
बस्ती 29 अप्रैल 25।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र दिनेश कुमार पी. की अध्यक्षता में सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन स्थित सभागार में परिक्षेत्र के जनपदों की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जनपदों के पुलिस अधीक्षकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराधों पर नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य बिंदु और निर्देश: डीआईजी ने बैठक में विभिन्न आपराधिक मामलों को लेकर विस्तृत समीक्षा की और संबंधित पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए:
- हत्या, दहेज हत्या, अपहरण और गंभीर चोट के मामलों में प्रभावी विवेचना, त्वरित गिरफ्तारी और न्यायालय में सख्त पैरवी कर सजा दिलाने के निर्देश।
- लूट, डकैती, चोरी व वाहन चोरी जैसे मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ संपत्ति बरामद कर निरोधात्मक कार्रवाई का आदेश।
- महिला अपराधों (बलात्कार, अपहरण, पॉक्सो) में 100% गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई।
- लंबित विवेचनाओं और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश।
- पुलिस लाइन में प्रशिक्षणार्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर।
- SC/ST एक्ट व अन्य गंभीर मामलों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना के निर्देश।
- रासुका व गुंडा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई, विशेषकर जघन्य अपराधों में।
- पुरस्कार घोषित अपराधियों और गिरोहबंद अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी व संपत्ति जब्ती की कार्रवाई।
- गोवध, NDPS एक्ट, अवैध शराब, साइबर क्राइम और ITSSO पोर्टल से संबंधित मामलों पर विशेष निगरानी।
- ऑपरेशन त्रिनेत्र, कन्विक्शन और क्लीन के तहत ठोस प्रयासों के निर्देश।
- बीट प्रहरी ऐप, पिंक बूथ और परिवार परामर्श केंद्र की व्यवस्था को प्रभावी बनाने का आदेश।
- आगामी त्योहारों के मद्देनज़र शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश।
पिंक बूथ का निरीक्षण
डीआईजी दिनेश कुमार पी. ने पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री अभिनन्दन के साथ थाना रूधौली में नव निर्मित पिंक बूथ का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को SOP के अनुसार शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती ओम प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह, प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस समीक्षा बैठक में एसपी संतकबीरनगर सत्यजीत गुप्ता, एसपी सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, एसपी बस्ती अभिनन्दन सहित तीनों जनपदों के रीडर व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
— NGV PRAKASH NEWS

