15.47 करोड़ रुपये के ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े मामले में आरोपी गिरफ्तार, आईफोन, लैपटॉप और नकदी बरामद…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सिद्धार्थनगर में साइबर ठगी पर बड़ी कार्रवाई: 15.47 करोड़ रुपये के ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े मामले में आरोपी गिरफ्तार, आईफोन, लैपटॉप और नकदी बरामद

सिद्धार्थनगर, 14 जुलाई 2026।

सिद्धार्थनगर की खेसरहा थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी (NCRP)/समन्वय पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से कुल 15,47,63,520 रुपये के ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें दर्ज थीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर ठगी की रकम से खरीदे गए आईफोन, वीवो मोबाइल, एचपी लैपटॉप, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित ‘Cy-Vajra’ अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र के नेतृत्व में साइबर सेल और खेसरहा थाना पुलिस ने एनसीआरपी/समन्वय पोर्टल पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच की। जांच के दौरान वर्ष 2024-2025 में आरोपी के विरुद्ध विभिन्न राज्यों से साइबर फ्रॉड की कुल नौ शिकायतें दर्ज होना पाया गया।

जांच में पता चला कि आरोपी के एक म्यूल खाते में साइबर ठगी से जुड़े मामलों के तहत कुल 15.47 करोड़ रुपये की शिकायतें दर्ज थीं। इनमें से 24,230.66 रुपये आरोपी के खाते में आए, जिनका उसने निजी खर्चों में उपयोग किया। इस संबंध में 12 जुलाई 2026 को थाना खेसरहा में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 14 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी नसीम अहमद ने पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से साइबर ठगी की रकम अपने खातों में मंगवाता था और बाद में उसे अन्य बैंक खातों में स्थानांतरित कर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल करता था। उसने अपने नाम से यूनियन बैंक, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक में कई खाते खुलवा रखे थे। पुलिस की जांच में इन खातों पर विभिन्न राज्यों से कुल आठ अतिरिक्त साइबर शिकायतें भी मिलीं, जिनमें लगभग 7.08 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का उल्लेख है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसीम अहमद पुत्र औसाफ अहमद, निवासी बेलवालगुनही, थाना खेसरहा, जनपद सिद्धार्थनगर (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है।

बरामदगी में दो मोबाइल फोन (आईफोन एवं वीवो), एक एचपी लैपटॉप, माउस, लैपटॉप चार्जर, चार बैंक पासबुक, छह बैंक कार्ड (एटीएम/पोस्ट पेमेंट्स बैंक कार्ड) तथा साइबर ठगी से जुड़े 20 हजार रुपये नकद शामिल हैं।

सिद्धार्थनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। ऐसा करना भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *