Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या कर घर में दफनाया शव, सिद्धार्थनगर पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर, 16 जुलाई 2026।
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में दहेज हत्या का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी के महज कुछ सप्ताह बाद ही दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने 20 वर्षीय नवविवाहिता मुफीदूननिशा की हत्या कर उसके शव को घर के अंदर ही दफना दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कार्रवाई करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दशहवा गांव निवासी सफीदुन्नीसा की पुत्री मुफीदूननिशा का निकाह 1 जून 2026 को डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव निवासी शमशेर अहमद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करता था।
आरोप है कि 14 जुलाई को पति शमशेर अहमद ने स्वयं अपनी सास को फोन कर बताया कि उसने उनकी बेटी की हत्या कर दी है और शव को घर में दफना दिया है। सूचना मिलते ही मृतका की मां ने डुमरियागंज थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में घर के कमरे की खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शमशेर अहमद, नीबर तथा खुशबून निवासी चकमझारी, थाना डुमरियागंज शामिल हैं। इनके विरुद्ध थाना डुमरियागंज में मु.अ.सं. 162/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 238(बी) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 3/4 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अकरम खान, हेड कांस्टेबल रामभजन गौड़, आरक्षी अमन प्रतीक दूबे, आदित्य पाण्डेय तथा महिला आरक्षी नीशू शामिल रहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS