Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

हरैया पुलिस और स्वाट टीम की बड़ी सफलता, मुठभेड़ में पांच शातिर चोर गिरफ्तार; 7.5 लाख के जेवर, तमंचा और दो बाइक बरामद
बस्ती, 17 जुलाई 2026।
जनपद बस्ती की हरैया थाना पुलिस और स्वाट व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, चोरी में प्रयुक्त औजार, लगभग 33 ग्राम सोने एवं 1.2 किलोग्राम चांदी के आभूषण, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 32,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 7.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह , 17 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में हरैया पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान तीन आरोपी एक मोटरसाइकिल समेत मौके पर पकड़ लिए गए, जबकि दो अन्य भागने लगे। कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। इसी दौरान आरोपी सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया गया। शेष चार आरोपियों को भी मौके से दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जिलों में मजदूरी के बहाने पहुंचते थे और रात में सुनसान गांवों को निशाना बनाकर एक ही रात में कई घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद वे तत्काल अपना ठिकाना बदल लेते थे और चोरी का माल औने-पौने दाम पर बेचकर पैसे मौज-मस्ती और शराब में खर्च कर देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगतू, सर्वेश चौहान, रामजी चौरसिया, सुधाकर तथा सुजीत पासी, सभी निवासी जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि इन आरोपियों पर सीतापुर, हरदोई, खीरी सहित कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के अनेक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई से थाना हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के कई मामलों का खुलासा हुआ है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
NGV PRAKASH NEWS