Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS


बस्ती पुलिस का वारंटी गिरफ्तारी अभियान तेज, एक ही दिन में 24 वारंटी गिरफ्तार; कई थानों की संयुक्त कार्रवाई
बस्ती, 17 जुलाई 2026।
जनपद बस्ती में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 24 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वहीं चार वारंटियों ने न्यायालय का रिकॉल आदेश प्रस्तुत किया, जिसके बाद उन्हें नियमानुसार छोड़ दिया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
थाना मुण्डेरवा पुलिस ने थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में फिरोज, जितेंद्र कुमार, पवन, सुरेंद्र कुमार, धर्मराज तथा रवि करवल शामिल हैं। वहीं तीन अन्य वारंटियों द्वारा न्यायालय का रिकॉल आदेश प्रस्तुत किए जाने पर उन्हें विधिक प्रक्रिया के अनुसार छोड़ दिया गया।
थाना परसरामपुर पुलिस ने थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 4 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें लल्लन, दिनेश, अंग्रेज तथा जोगू सिंह शामिल हैं। सभी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
थाना दुबौलिया पुलिस ने थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी के नेतृत्व में अभियान चलाकर 3 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें लवकुश, छोटेलाल और दुबरी शामिल हैं। इनमें से एक अभियुक्त ने न्यायालय का रिकॉल आदेश प्रस्तुत किया, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
थाना कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक मोती चंद के नेतृत्व में 4 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें विद्युत अधिनियम तथा अन्य मामलों में वांछित ब्रम्हानंद, अनिल कुमार द्विवेदी तथा यादवेन्द्र मिश्रा शामिल रहे। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया।
उधर थाना नगर पुलिस ने थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाते हुए 7 वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामरूप, दिलीप यादव, टुनटुन, महाबली, सुदर्शन, श्रीकृष्ण और कमलेश पाण्डेय शामिल हैं। सभी के विरुद्ध न्यायालय द्वारा जारी वारंटों का अनुपालन करते हुए उन्हें विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वारंटियों की गिरफ्तारी, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। न्यायालय से जारी वारंटों का हर हाल में अनुपालन कराया जाएगा और फरार आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS