Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

फर्जी OSD बनकर VIP प्रोटोकॉल लेने वाला शातिर जालसाज गिरफ्तार, INNOVA समेत फर्जी कार्ड और वॉकी-टॉकी बरामद
उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो और लाल-नीली बत्ती लगाकर घूमता था आरोपी, पुलिस चेकिंग में खुला फर्जी अधिकारी का राज
बस्ती, 27 अगस्त 2026।
बस्ती में फर्जी अधिकारी बनकर पुलिस और सरकारी तंत्र पर रौब जमाने वाले एक शातिर जालसाज को थाना कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी सफेद रंग की INNOVA कार पर उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो और लाल-नीली बत्ती लगाकर खुद को उत्तर प्रदेश सरकार, सचिवालय लखनऊ का OSD बताकर VIP प्रोटोकॉल हासिल करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से INNOVA कार, दो वॉकी-टॉकी सेट, पांच फर्जी विजिटिंग कार्ड, चार ATM कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चौकी बड़ेबन क्षेत्र में बड़ेबन पुल के नीचे संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सफेद रंग की INNOVA कार संख्या UP32HW2225 को रोका। वाहन पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा हुआ था और उसकी छत पर लाल-नीली बत्ती लगी थी।
कार में पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मोहसिन खान बताते हुए खुद को उत्तर प्रदेश सरकार के सचिवालय लखनऊ में OSD बताया। उसने पुलिस पर रौब जमाने का प्रयास किया और अपना विजिटिंग कार्ड भी दिखाया। पुलिस को उसकी पहचान और दस्तावेज संदिग्ध लगे। इसके बाद नियमानुसार वाहन और व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच की गई।
तलाशी में फर्जी दस्तावेज और उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 INNOVA कार, जिस पर फर्जी उत्तर प्रदेश शासन का लोगो और फर्जी लाल-नीली बत्ती लगी थी, बरामद की। इसके अलावा 05 फर्जी OSD विजिटिंग कार्ड, जिन पर उत्तर प्रदेश सरकार का लोगो लगा था, 02 BAOFENG कंपनी के वॉकी-टॉकी सेट, एक Apple iPhone, एक की-पैड मोबाइल फोन, चार ATM कार्ड और 2,700 रुपये नकद बरामद किए गए।
कई जगह VIP प्रोटोकॉल लेने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह काफी समय से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी OSD बनकर घूम रहा था। वह अपनी गाड़ी पर उत्तर प्रदेश शासन का फर्जी लोगो और लाल-नीली बत्ती लगाकर विभिन्न जनपदों और राज्यों में जाता था।
आरोपी के मुताबिक, वह पुलिस और टोल प्लाजा पर अपना फर्जी परिचय पत्र दिखाकर VIP प्रोटोकॉल लेता था और टोल में छूट हासिल करता था। इसके अलावा सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में आसानी से प्रवेश पाने तथा आम लोगों को अधिकारियों से काम कराने के नाम पर ठगने का भी प्रयास करता था।
चालक को पूछताछ के बाद नोटिस
पुलिस के अनुसार, आरोपी के साथ मौजूद चालक राजेश यादव पुत्र सोहन यादव निवासी लखनऊ को 15 हजार रुपये प्रतिमाह के वेतन पर रखा गया था। चालक से पूछताछ और सत्यापन के बाद उसे नोटिस देकर विवेचना में सहयोग करने की हिदायत दी गई तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर छोड़ दिया गया।
इन धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने फर्जी OSD बनकर प्रतिरूपण करने वाले मोहसिन खान के खिलाफ थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 371/2026 के तहत धारा 204, 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 347(2) BNS एवं 66D IT Act में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानन्द सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात कुलदीप त्रिपाठी, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी बड़ेबन जितेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रमाकांत यादव, हेड कांस्टेबल कृष्णानन्द पाण्डेय, हेड कांस्टेबल अभिषेक कुमार, कांस्टेबल रितिक पाण्डेय, कांस्टेबल कुंज बिहारी और कांस्टेबल राजू यादव शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से की सतर्क रहने की अपील
बस्ती पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी व्यक्ति द्वारा स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर रौब जमाने या किसी काम के नाम पर प्रभाव दिखाने पर उसकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करें। पुलिस ने कहा कि फर्जी अधिकारी बनकर घूमने वालों और वाहनों पर फर्जी लाल-नीली बत्ती लगाकर चलने वालों पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। ऐसे मामले सामने आने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS