Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS


मानचित्र सांकेतिक है 📍
असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा के बस्ती आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव, 8 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
बस्ती, 17 अक्टूबर 2026।

कल बस्ती में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा 18 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के नगर थाना क्षेत्र के ग्राम तेलियाजोत स्थित आवास पर पहुंचकर उनकी पूजनीय माता के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बस्ती पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस ने निर्धारित पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन और बैरियर व्यवस्था की जानकारी देते हुए जनपदवासियों एवं कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
1055 चार पहिया और 800 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग
पुलिस प्रशासन की ओर से कुल आठ पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें 1055 चार पहिया और 800 दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
पहले पार्किंग स्थल के रूप में सुनील मोटर्स पार्किंग, टाटा मोटर्स के पास अयोध्या से गोरखपुर लेन पर 125 चार पहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है। दूसरे पार्किंग स्थल के रूप में टाटा मोटर्स के सामने गोरखपुर से अयोध्या लेन पर 275 चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। तीसरा पार्किंग स्थल स्वाद रेस्टोरेंट के साइन बोर्ड के पास, टाटा मोटर्स के आगे अयोध्या से गोरखपुर लेन पर बनाया गया है, जहां 110 चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इन तीनों पार्किंग स्थलों के प्रभारी अधिकारी अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात, जनपद संतकबीरनगर होंगे।
चौथा पार्किंग स्थल तेलियाजोत अंडरपास से पहले बाईं ओर निर्धारित किया गया है, जहां 315 चार पहिया वाहन खड़े हो सकेंगे। पांचवां पार्किंग स्थल तेलियाजोत अंडरपास के बाद बाईं ओर बनाया गया है, जिसकी क्षमता 110 चार पहिया वाहन है। छठा पार्किंग स्थल तेलियाजोत अंडरपास के बाईं ओर सागौन बगीचे में निर्धारित किया गया है, जहां 300 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इन तीनों पार्किंग स्थलों के प्रभारी अधिकारी शुबेन्दु सिंह, क्षेत्राधिकारी बांसी, जनपद सिद्धार्थनगर होंगे।
सातवां पार्किंग स्थल प्राथमिक विद्यालय के सामने वीवीआईपी पार्किंग के रूप में निर्धारित किया गया है, जिसकी क्षमता 120 चार पहिया वाहन है। आठवां पार्किंग स्थल समयमाता मंदिर के बगल सागौन बाग में बनाया गया है, जहां 500 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इन दोनों पार्किंग स्थलों के प्रभारी अधिकारी कुलदीप सिंह यादव, क्षेत्राधिकारी सदर, जनपद बस्ती होंगे।
33 स्थानों पर बैरियर, पुलिस और पीएसी की तैनाती
यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मार्ग में कुल 33 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। सभी पार्किंग स्थलों और संबंधित व्यवस्थाओं में थाना प्रभारी स्तर के आठ अधिकारियों, आठ निरीक्षकों, 16 उपनिरीक्षकों, 32 मुख्य आरक्षियों तथा एक कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त तीन क्षेत्राधिकारी भी व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
18 अक्टूबर को दोपहर एक बजे से लागू रहेगा रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर 18 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक निर्धारित रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
बस्ती से अयोध्या की ओर जाने वाले भारी वाहन फुटहिया से कलवारी होते हुए रामजानकी मार्ग के रास्ते अयोध्या जाएंगे। वहीं, अयोध्या से बस्ती की ओर आने वाले वाहन छावनी से रामजानकी मार्ग होते हुए कलवारी और फुटहिया के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
इसके अतिरिक्त दुबौलिया से किसी भी भारी वाहन, विशेषकर ट्रक, को कप्तानगंज की ओर आने की अनुमति नहीं होगी।
निर्धारित पार्किंग और डायवर्जन का पालन करने की अपील
बस्ती पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए आयोजित कार्यक्रम की गंभीरता एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जिला प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

NGV PRAKASH NEWS