Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दुर्गा पूजा को लेकर डीएम और एसपी ने बस्ती शहर में परखी सुरक्षा व्यवस्था, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
बस्ती 20 अक्टूबर 2026.
दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को बस्ती शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कंपनी बाग, फव्वारा चौराहा, रौता चौराहा, रोडवेज चौराहा, दक्षिण दरवाजा, अस्पताल चौराहा, कोतवाली तथा करूआ बाबा क्षेत्र का निरीक्षण किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखें। उन्होंने पूजा पंडालों में विद्युत कनेक्शन, तारों एवं अन्य उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया।
संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहेगी पुलिस
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंधन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS