अवैध हथियारों के फैक्ट्री का भंडाफोड़: घर तक पहुंचाई जाती थी डिलीवरी

जी.पी.दुबे
97210 711 75

आजमगढ़: अवैध असलहों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़ 5 दिसंबर.
आजमगढ़ जिला इन दिनों अवैध असलहों के कारोबार का केंद्र बनता जा रहा है। हाल ही में पुलिस ने सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली इलाके में छापा मारकर अवैध असलहों की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में असलहे, कारतूस, मैगजीन और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए। इस खुलासे से जिले में हड़कंप मच गया है।

👉जम्मू-कश्मीर तक फैला नेटवर्क

पुलिस की जांच में पता चला है कि इस गिरोह के तार जम्मू-कश्मीर, बिहार और अन्य कई राज्यों से जुड़े हुए हैं। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे कई वर्षों से असलहों का निर्माण और होम डिलीवरी करते आ रहे थे। ग्राहक फोन के माध्यम से ऑर्डर करते थे, जिसके बाद डिमांड के अनुसार असलहे तैयार किए जाते थे।

👉गिरफ्तार हुए 6 आरोपी

इस मामले में पुलिस ने कुल 6 लोगों को नामजद किया, जिनमें से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का मुख्य सरगना पहले से ही जेल में है। गिरफ्तार आरोपियों पर विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

👉पुलिस को मिला इनाम

इस बड़ी सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक ने सीओ अनंत चंद्रशेखर, सब-इंस्पेक्टर राजीव कुमार और एसओजी टीम को 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

👉जांच जारी

पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। पुलिस का यह ऑपरेशन अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

–NGV PRAKASH NEWS रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *