NGV PRAKASH NEWS

जमीन पर मिट्टी पाटने को लेकर विवाद, महिला और दो मासूम बेटियों पर हमले का आरोप; थाने में सुनवाई न होने पर एसपी से लगाई गुहार
बस्ती, 18 नवंबर 2026.
पैकोलिया थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराकाजी में जमीन पर मिट्टी पाटने को लेकर हुए विवाद में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल महिला ने अपने पट्टीदारों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने स्थानीय थाने पर शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिपराकाजी निवासी गीता देवी पत्नी सतीश कुमार ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह अपनी जमीन पर मिट्टी पाट रही थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर उसके पट्टीदारों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद हमलावर घर में घुस आए और लात-मुक्कों तथा कुदाल से उस पर हमला कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, इस हमले में उसका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया और सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी 8 और 10 वर्ष की दोनों बेटियों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
डायल 112 पर दी सूचना, अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 और महिला हेल्पलाइन 1090 पर फोन कर सहायता मांगी। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पैकोलिया थाने पर सुनवाई नहीं होने का आरोप
मामले में पीड़िता ने थाना पैकोलिया पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि उसने थाने पर लिखित शिकायत दी, लेकिन उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और न ही उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके विपरीत दूसरे पक्ष की ओर से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहता है और वह अपनी दो बेटियों के साथ घर पर अकेली रहती है। ऐसे में घटना के बाद से उसे और उसकी बच्चियों को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।
एसपी से मुकदमा दर्ज कराने और सुरक्षा की मांग
गीता देवी ने पुलिस अधीक्षक बस्ती से मांग की है कि उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराया जाए, उसका और दोनों बेटियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए तथा आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
📍फिलहाल मामला पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र से संबंधित है। पुलिस की ओर से इस प्रकरण में आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए पीड़िता की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।
NGV PRAKASH NEWS