भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव :उसके बाद पुलिस ने

*Gyan Prakash Dubey

त्रिवेणीगंज में पुलिस और जनता के बीच हिंसक झड़प, सात पुलिसकर्मी घायल

सुपौल 5 दिसंबर 24.

जिले के त्रिवेणीगंज बाजार में गुरुवार को पुलिस और लोगों के बीच जोरदार झड़प हो गई। बाजार में अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में जदिया थानाध्यक्ष समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

पथराव और सड़क जाम से बढ़ा तनाव

घटना की शुरुआत सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई, जब कुछ लोग थाने के सामने पुलिस पर एक मारपीट और जमीन विवाद के मामले में कार्रवाई का दबाव बना रहे थे। समझाने के बाद भीड़ थाना परिसर से बाहर निकलकर एनएच-327 पर प्रदर्शन करने लगी। जदिया पुलिस की एक टीम जब वहां से गुजर रही थी, तो भीड़ ने इसे अपने खिलाफ कार्रवाई समझकर पथराव शुरू कर दिया।

पुलिसकर्मियों पर हमला, भीड़ के खिलाफ कार्रवाई

पथराव में जदिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार समेत छह पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और स्थिति को काबू में किया। हमले के दौरान आत्मरक्षा में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने अपनी पिस्टल भी तान दी।

मुख्य पार्षद पति पर आरोप

सुपौल एसपी शैशव यादव ने बताया कि इस घटना में त्रिवेणीगंज के मुख्य पार्षद पति विजेंद्र यादव और उनके समर्थकों का नाम सामने आया है। वे सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घायलों का इलाज और सुरक्षा के इंतजाम

घटना में घायल पुलिसकर्मियों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इलाके में शांति बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। त्रिवेणीगंज के एसडीओ और एसडीपीओ मौके पर कैंप कर रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

विवाद की वजह जमीन का मामला

सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे जमीन विवाद और राजनीतिक दबाव की वजहें हो सकती हैं। पुलिस ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा अक्सर ऐसे मामलों में दबाव बनाया जाता है, जो तनाव की स्थिति पैदा करता है।

फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा को और मजबूत कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *