

Gyan Prakash Dubey
होटल में किशोरी की चीख से मचा हड़कंप, छलांग लगाकर खुद को बचाया
आगरा, 5 दिसंबर 2024:
असम से परिवार से नाराज होकर घर छोड़ने वाली किशोरी के साथ धोखे से देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का मामला सामने आया है। आगरा के एक होटल में घटना उस समय उजागर हुई जब किशोरी ने बालकनी से छलांग लगाकर खुद को बचाने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
👉ट्रेन में हुई थी मुलाकात, होटल तक पहुंची साजिश
किशोरी ने बताया कि वह असम से गुवाहाटी जाने के लिए ट्रेन में सफर कर रही थी, तभी उसकी मुलाकात माया नामक महिला से हुई। माया ने उसकी हालत का फायदा उठाते हुए उसे बहला-फुसलाकर टूंडला रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। वहां से टैक्सी के जरिए माया ने किशोरी को आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के एक होटल में ठहराया।
👉देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का खुलासा
होटल के कमरे में माया के साथ एक युवक भी मौजूद था। किशोरी को तब पता चला कि माया देह व्यापार का धंधा चलाती है और युवक उसका साथी है। खुद को इस जाल से बचाने के लिए किशोरी ने होटल की बालकनी से छलांग लगा दी।
👉पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन माया और उसका साथी युवक फरार हो चुके थे। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराते हुए बयान दर्ज किया। किशोरी ने बताया, “मैं नौकरी की तलाश में माया के साथ आई थी, लेकिन उसने मुझे धोखे से देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की।”
पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं। होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि होटल मालिक दोषी पाया गया, तो होटल को सीज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉किशोरी के दोनों पैर फ्रैक्चर, आरोपियों की तलाश जारी
बालकनी से छलांग लगाने के कारण किशोरी के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने माया और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

