दिल्ली में SI को बदमाशों ने पीटा, पीठ में घोंप दी चाकू

एक तो डकैती ऊपर से पुलिस पर ही हमला! दिल्ली में SI को बदमाशों ने पीटा, पीठ में घोंप दी चाकू

दिल्ली 24 फरवरी 25.
दिल्ली में बदमाशों का हौसला इस कदर बुलंद है कि वे पुलिसवाले पर भी हमला करने से नहीं डरते। डकैती के आरोपी को पकड़ने गए एक सब इंस्पेक्टर पर उसके साथियों ने हमला बोल दिया। एक बदमाश ने सब इंस्पेक्टर को चाकू मार दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में दिल्ली पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर को चाकू मार दिया गया। वह डकैती के एक आरोपी की तलाश में वहां गए थे। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी गुड्डू और एक नाबालिग लड़की को आनंद पर्वत से पकड़ लिया गया। इसी दौरान उनके साथियों ने विरोध किया। दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी।

इसी दौरान एक बदमाश ने सब इंस्पेक्टर नीरज को चाकू मार दिया। चाकू लगने से नीरज की पीठ पर गहरी चोट आई। उन्हें तुरंत गंगाराम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों के विरोध के बावजूद उन्होंने राज नाम के एक आरोपी को पकड़ लिया और हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।

बता दें कि कुछ दिन पहले उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रोड रेज मामले में दिल्ली पुलिस के एक प्रोबेशन सब इंस्पेक्टर पर चार-पांच लोगों ने हमला कर दिया था। वह रात करीब 12:30 बजे बाइक से ड्यूटी से घर लौट रहे थे।

भजनपुरा थाने में तैनात प्रोबेशन सब इंस्पेक्टर चुनावी ड्यूटी से घर लौट रहे थे। वह एक संकरी गली को पार कर रहे थे। तभी उनकी मोटरसाइकिल आगे चल रही एक कार के कारण फंस गई। उन्होंने जब कार सवारों से रास्ता देने के लिए कहा तो चार लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। हालांकि उन्हें कोई जानलेवा चोट नहीं आई। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *