

मुफ्त इलाज, 10 हजार रुपये बोनस और न्यूनतम वेतन में इजाफा… सफाईकर्मियों को सीएम योगी का तोहफा
प्रयागराज, 27 फरवरी 2025 – महाकुंभ 2025 के समापन के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रयागराज पहुंचे और सफाईकर्मियों के लिए कई अहम घोषणाएँ कीं। सीएम ने कहा कि सरकार सफाई और स्वास्थ्य कर्मचारियों को 10,000 रुपये का बोनस देगी। इसके अलावा, अप्रैल से सफाई कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 16,000 रुपये किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सफाई कर्मियों को 8,000 से 11,000 रुपये प्रति माह मिलते थे, लेकिन अब इसे बढ़ाकर कम से कम 16,000 रुपये किया जाएगा। इसके साथ ही, सभी कर्मचारियों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। अस्थायी स्वास्थ्य कर्मचारियों के वेतन को सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा।
नाव चालकों को भी मिला तोहफा
सीएम योगी ने प्रयागराज में नाव चालकों से भी मुलाकात की और घोषणा की कि पंजीकरण के बाद हर नाव चालक को 5 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा। साथ ही, गरीब नाविकों को नाव खरीदने के लिए धनराशि भी प्रदान की जाएगी। जिन नाविकों के पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर किया जाएगा।
सफाई कर्मचारियों के साथ किया भोजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, डीजीपी प्रशांत कुमार, प्रदेश कैबिनेट के मंत्रियों और अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों के साथ भोजन किया। इससे पहले सीएम योगी ने उपमुख्यमंत्रियों के साथ संगम क्षेत्र में सफाई अभियान में भी हिस्सा लिया। उन्होंने खुद कचरा उठाया, जिसे ब्रजेश पाठक ने थैले में डाला।
NGV PRAKASH NEWS

