
फीस न जमा करने पर परीक्षा से रोका, घर आकर छात्रा ने फांसी लगाई
प्रतापगढ़ 30 मार्च 25.।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी के प्रतापगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 1200 रुपये फीस बाकी होने के कारण कक्षा नौ की छात्रा को परीक्षा से वंचित कर दिया गया, जिससे आहत होकर उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। छात्रा की मां की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन के पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना मानधाता थाना क्षेत्र के पितईपुर गांव की है। गांव के एक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली 15 वर्षीय रिया प्रजापति दो दिन परीक्षा दे चुकी थी, लेकिन शनिवार को जब वह तीसरे दिन स्कूल पहुंची तो फीस न जमा होने के कारण उसका प्रवेशपत्र जब्त कर उसे लौटा दिया गया। घर लौटने के बाद जब उसकी मां पूनम खेत में थी, तभी रिया ने गले में फंदा डालकर जान दे दी।
पड़ोस की विनीता विश्वकर्मा के पास दिल्ली में काम कर रहे रिया के पिता कमलेश प्रजापति का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि बेटी परीक्षा दिए बिना लौट आई है, उसे फिर से स्कूल भेज दें। जब विनीता रिया के घर पहुंचीं तो कमरा खुला था और उसका शव फांसी के फंदे से झूल रहा था। मां पूनम के खेत से लौटने पर बेटी की मौत देख परिवार में मातम छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की मां पूनम की तहरीर पर विद्यालय प्रबंधक संतोष कुमार यादव, बड़े बाबू दीपक सरोज, प्रधानाचार्य राजकुमार यादव, अनुचर धनीराम और एक अज्ञात शिक्षक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, लेकिन अंतिम संस्कार पिता के दिल्ली से आने के बाद किया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS


