

NGV PRAKASH NEWS
अयोध्या : गेस्ट हाउस में चल रहा था सेक्स रैकेट, मालिक सहित 11 महिलाएं पुलिस हिरासत में
अयोध्या। कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गेस्ट हाउस में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। देर रात लगभग 11 बजे कई थानों की संयुक्त टीम ने फतेहगंज इलाके स्थित रानी सती गेस्ट हाउस पर छापेमारी की, जहां से गेस्ट हाउस मालिक गणेश अग्रवाल सहित 11 महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, इस गेस्ट हाउस में लंबे समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि बिहार और गोरखपुर से युवतियों को बुलाकर यहाँ अवैध गतिविधियों में शामिल किया जाता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुछ नकद राशि भी बरामद की है और गेस्ट हाउस को सील कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में चार थानों की पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। बताया जा रहा है कि रैकेट संचालकों का नेटवर्क काफी दिनों से सक्रिय था और शहर के अलग-अलग इलाकों में ग्राहकों को बुलाकर इस गेस्ट हाउस में ठहराया जाता था।
फिलहाल सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट को कितने समय से संचालित किया जा रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के बाद और भी गिरफ्तारियां संभव मानी जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS




