रील के शौक ने ले ली बीटेक छात्र की जान – हुई दर्दनाक मौत..

NGV PRAKASH NEWS

मंडी, 26 अक्टूबर 2025

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रील्स बनाने के शौक ने एक युवक की जान ले ली। मलोरी टनल के पास बाइक स्टंट करते समय 22 वर्षीय अनिकेत की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनिकेत नागचला तहसील का निवासी था और बीटेक का छात्र था। वह सोशल मीडिया पर अपने बाइक स्टंट के वीडियो अक्सर शेयर करता था। शनिवार देर रात इसी शौक को पूरा करने के दौरान यह हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे अनिकेत अपने साथियों के साथ मलोरी टनल के पास बाइक स्टंट कर रहा था। उसके दोस्त वीडियो बना रहे थे, तभी स्टंट के दौरान उसका बैलेंस बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि अनिकेत की गर्दन पर गंभीर चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही टूरिस्ट एंड ट्रैफिक पुलिस स्टेशन नागचला की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद्र ने बताया कि अनिकेत के साथ स्टंट वीडियो बना रहे साथी राइडर्स और वीडियोग्राफर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने युवक को स्टंट करने के लिए उकसाया, जिसके चलते उसकी जान चली गई। सभी को एफआईआर में नामजद किया गया है और उनके मोबाइल फोन तथा कैमरा फुटेज जब्त कर लिए गए हैं।

पुलिस द्वारा जब्त वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि स्टंट करते समय अनिकेत असंतुलित होकर गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि साथियों के खिलाफ उकसाने और जान जोखिम में डालने के आरोपों में कार्रवाई की जा रही है।

यह दर्दनाक हादसा न केवल अनिकेत के परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच जारी है।

— NGV Prakash News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *