NGV PRAKASH NEWS

भांडुप स्टेशन के बाहर बेकाबू बस का कहर, 4 की मौत, 9 गंभीर, ड्राइवर हिरासत में
मुंबई, 30 दिसंबर 2025 —
सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे भांडुप रेलवे स्टेशन के बाहर उस वक्त अफरातफरी और मातम फैल गया, जब लाल रंग की एक बेस्ट बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदती चली गई। चश्मदीदों के मुताबिक खाली बस तेज रफ्तार में आई और देखते ही देखते कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 3 महिलाओं और 1 पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
हादसे के बाद स्टेशन रोड का मंजर दिल दहला देने वाला था। सड़क पर चप्पलें, थैले, सब्जियों के डिब्बे और खून के धब्बे बिखरे पड़े थे। कुछ लोग बस के पहियों के नीचे दबकर तड़पते रहे तो कुछ दूर जा गिरे। कुछ ही मिनट पहले जहां लोगों की चहल-पहल थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम का सन्नाटा छा गया।
घटना के बाद इलाके में गुस्से का उबाल आ गया। अपनों को खोने का दर्द और बार-बार हो रहे हादसों से नाराज लोगों ने बस ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए ड्राइवर को हिरासत में लिया और भीड़ से बचाया।
जोन-7 के डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत के अनुसार ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है और हादसे की असली वजह जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह जांच की जा रही है कि बस का ब्रेक फेल हुआ था या ड्राइवर की लापरवाही हादसे की वजह बनी। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। हादसे के बाद घंटों तक स्टेशन रोड को बंद रखना पड़ा, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ महीने पहले कुर्ला पश्चिम इलाके में भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी और दर्जनों घायल हुए थे। बार-बार हो रहे ऐसे हादसे मुंबई की सड़कों की सुरक्षा और प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस हादसे ने चार परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया है और नौ परिवारों की उम्मीदें इस वक्त अस्पताल के आईसीयू के बाहर टिकी हैं।
NGV PRAKASH NEWS
