
NGV PRAKASH NEWS
कोहरे में दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग, केबिन में फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत
इटावा, 2 जनवरी 2026।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कानपुर–इटावा हाईवे पर पक्का बाग ओवरब्रिज से करीब सौ मीटर पहले गुरुवार रात करीब दो बजे घने कोहरे के बीच दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद ट्रकों में आग लग गई, जिससे एक ट्रक के केबिन में फंसे चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में ट्रक आग का गोला बन गया।
सूचना मिलते ही 112 की टीम, फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर पीछे से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। आग पूरी तरह बुझने और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद करीब ढाई घंटे बाद यातायात बहाल किया जा सका।
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान लवली उर्फ जसकीरत सिंह (45) निवासी खाजा खेड़ा, जिला सिरसा, हरियाणा के रूप में हुई है। वह हरियाणा की रॉबिन रोड लाइंस का ट्रक चला रहा था और अहलनाबाद से जिप्सम मिट्टी लोड कर वाराणसी की ओर जा रहा था। उसके साथ पीछे चल रहे साथी चालक जगजीत सिंह ने बताया कि जसकीरत का ट्रक आगे चल रहे नमक से लदे राजस्थान नंबर के ट्राला ट्रक से टकरा गया, जिसने अचानक ब्रेक लगा दिया था। घना कोहरा होने के कारण दूरी का अंदाजा नहीं हो सका और पीछे से आ रहा ट्रक ट्राले में जा घुसा।
टक्कर के बाद केबिन में फंसे जसकीरत को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और आग की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर कोहरे में तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के खतरे को उजागर कर दिया है।
NGV PRAKASH NEWS
