9 से 11 जनवरी के बीच राहत उसके बाद फिर पलटी मारेगा मौसम, पड़ सकती है कड़ाके की…….

NGV PRAKASH NEWS

9 से 11 जनवरी के बीच ठंड और कोहरे से आंशिक राहत के संकेत, 12 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम

लखनऊ, 08 जनवरी 2026 —
उत्तर प्रदेश में जारी भीषण ठंड और घने कोहरे के बीच फौरी राहत के संकेत दिखाई देने लगे हैं। बृहस्पतिवार को प्रदेश के कई इलाकों में दोपहर के समय हल्की धूप निकली, हालांकि ठंडी पछुआ हवा के कारण गलन बनी रही। 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सोनभद्र प्रदेश में सबसे ठंडा दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, बरेली और गोरखपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता लगभग शून्य रही।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 से 11 जनवरी के बीच दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान पछुआ हवा अपेक्षाकृत कम ठंडी रहेगी और गलन व कड़ाके की सर्दी से लोगों को आंशिक राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में कहीं भी अति घने कोहरे या शीत दिवस की चेतावनी जारी नहीं है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार तापमान में इस बढ़त के कारण ठंड और कोहरे के प्रभाव में कुछ कमी आएगी, लेकिन विक्षोभ का असर खत्म होते ही 12 जनवरी से फिर पारे में गिरावट शुरू हो सकती है और मौसम दोबारा करवट ले सकता है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *