NGV PRAKASH NEWS

दूसरी शादी से नाराज बेटे ने मां पर किया चाकू से हमला, हालत गंभीर
गुरुग्राम, 27 जनवरी 2026.
हरियाणा के नूंह जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह घटना पिनंगवा थाना क्षेत्र की है, जहां महिला की दूसरी शादी से नाराज उसके बड़े बेटे ने इस वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी बेटा मौके से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय वहीदन मूल रूप से पलवल जिले के छैंसा गांव की रहने वाली है। उसकी पहली शादी से पांच बच्चे हैं। करीब दो सप्ताह पहले वहीदन ने अपने पहले परिवार और बच्चों को छोड़कर पिनंगवा निवासी एक व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली थी। शादी के बाद से वह भाट कॉलोनी में अपने दूसरे पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला की दूसरी शादी की जानकारी जब उसके पहले परिवार को हुई, तो पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। सोमवार को वहीदन का बड़ा बेटा गुस्से में पिनंगवा पहुंचा और उसने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के हाथों और पैरों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को मंडी खेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मां द्वारा दूसरी शादी किए जाने से बेटा नाराज था, इसी कारण उसने हमला किया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला शादी से पहले भी अपने दूसरे पति से संपर्क में थी, जबकि उसके पहले पति को दूसरी शादी की जानकारी बाद में हुई।
NGV PRAKASH NEWS
