“बड़ा नीक लागे वशिष्ठ जी कै गउवा, जहाँ राम विद्यार्थी बन के अइलें”- रामभद्राचार्य…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

💥यूजीसी का नया नियम देश को गृहयुद्ध की ओर ले जाएगा : जगद्गुरु रामभद्राचार्य
★ राम नाम स्मरण से चारों वेदों के पाठ का फल
★ जातिवाद के नाम पर आरक्षण नहीं, प्रतिभाओं को मिले सम्मान

बस्ती 22 फरवरी 26।

महर्षि वशिष्ठ आश्रम बढ़नी मिश्र में रविवार को आयोजित गुरु वशिष्ठ रामायण कथा के पाँचवें दिन जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कथा के माध्यम से श्रीराम, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न के जन्म, नामकरण तथा श्रीराम नाम महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि “राम कहने मात्र से चारों वेदों के पाठ का फल प्राप्त होता है।”

कथा के दौरान उन्होंने वर्तमान शिक्षा नीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यूजीसी का नया नियम लाकर सरकार देश को गृहयुद्ध की ओर ले जा रही है, जिसके परिणाम भयावह हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि “पंथ अनेक हो सकते हैं, पर हम सब हिंदू एक हैं।” जातिवाद के नाम पर आरक्षण को अनुचित बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलना चाहिए, न कि जाति के आधार पर विभाजन।

रामभद्राचार्य ने भोजपुरी भाषा में “बड़ा नीक लागे वशिष्ठ जी कै गउवा, जहाँ राम विद्यार्थी बन के अइलें” सहित अनेक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने श्रीराम जन्म, नामकरण एवं बाललीला प्रसंगों का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि जो राष्ट्र के मंगल का मार्ग प्रशस्त करें वही राम हैं।

उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद देश विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। “चौपाई नहीं गाओगे तो चौपट हो जाओगे” जैसी पंक्तियों से उन्होंने धर्म और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा के स्टार गायक आर्यन बाबू ने “दुनिया में देव हजारों हैं, भगवान तुम्हारा क्या कहना” तथा हनुमान चालीसा का गायन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

श्री तुलसी पीठ चित्रकूट धाम के उत्तराधिकारी आचार्य रामचन्द्र दास महाराज ने कथा आयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बढ़नी मिश्र में हो रही वशिष्ठ रामायण कथा पूरे विश्व को प्रभावित करेगी।

कथा के प्रारंभ में श्रद्धालु चंद्रभूषण मिश्र एवं राना दिनेश प्रताप सिंह, संघ के प्रांत प्रचारक रमेश, विभाग प्रचारक ऋषि, जिला प्रचारक सरवेंद्र, एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज अयोध्या सुरेंद्र मोहन सहाय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे, भाजपा नेता राजकुमार शुक्ल, समाजसेवी उमाशंकर पटवा सहित अनेक गणमान्य ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मयंक श्रीवास्तव ने किया।
इस दौरान पूरा पंडाल और मंदिर प्रांगण खचाखच श्रद्धालुओं से भरा रहा

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *