मनोरमा नदी में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत, बेटे को खोकर बेसुध हुई मां ने उठाया खौफनाक कदम…….

NGV PRAKASH NEWS

📍इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, फांसी लगाने पहुंची मां को महिलाओं ने बचाया

दुबौलिया, बस्ती 21 अक्टूबर 2026.

बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद मनोरमा नदी में स्नान करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। बरुआ बाबा अजगरा स्थित नदी घाट पर मंगलवार देर शाम स्नान करते समय 22 वर्षीय सुद्धू चौधरी की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता के इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे की मौत का सदमा मां बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उन्होंने फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद महिलाओं ने उन्हें बचा लिया।

विसर्जन के बाद नदी में स्नान करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सरवनपुर पांडेय गांव के तिनपेड़िया निवासी अखिलेश चौधरी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए बरुआ बाबा अजगरा स्थित मनोरमा नदी घाट पर पहुंचे थे। मंगलवार रात करीब आठ बजे प्रतिमा विसर्जन के बाद सुद्धू चौधरी (22), संजय चौधरी और अखिलेश चौधरी नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव में सुद्धू बहने लगा और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।

युवक के डूबने की सूचना मिलने पर दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

सुद्धू चौधरी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां अनीता देवी बदहवास हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार लोगों से पूछ रही थीं कि उनका बेटा कब घर लौटेगा।

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, बेटे की मौत का सदमा मां के लिए असहनीय हो गया। इसी सदमे में उन्होंने फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। हालांकि, वहां मौजूद महिलाओं की तत्परता से उनकी जान बच गई। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा है। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे ग्रामीण भी इस हृदयविदारक घटना से गमगीन हैं।

विसर्जन के दौरान मारपीट की भी चर्चा

घाट पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मारपीट होने की बात भी स्थानीय लोगों की ओर से बताई गई है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *