NGV PRAKASH NEWS

डीएनए रिपोर्ट में दोषमुक्त होने के बाद 19 माह बाद जेल से रिहा हुए मोईद खान, बोले– सीएम योगी को गलत सूचना देकर किया गया गुमराह
अयोध्या, 28 फरवरी 2026.
अयोध्या जिले के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा कस्बे के निवासी सपा नेता मोईद खान 19 महीने बाद शुक्रवार को जेल से रिहा होकर अपने घर पहुंचे। रिहाई के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और अंततः उन्हें न्याय मिला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संत स्वभाव के व्यक्ति हैं और इस तरह का कदम वह नहीं उठा सकते, लेकिन कुछ लोगों ने गलत सूचना देकर उन्हें गुमराह किया, जिसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई हुई।
घर पहुंचने पर मोईद खान भावुक नजर आए। लंबे समय बाद पत्नी और बच्चों से मिलकर उन्होंने उन्हें गले लगा लिया। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद रहा तो उनकी बेकरी दोबारा खड़ी की जाएगी, क्योंकि वही उनके परिवार और बच्चों के रोजगार का मुख्य साधन थी। मोईद खान ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी ही बिरादरी के कुछ लोगों ने बदले की भावना से उन्हें फंसाया।
क्या था मामला
29 जुलाई 2024 को अयोध्या के पूरा कलंदर क्षेत्र में नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया था। इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें मोईद खान और उनकी बेकरी में काम करने वाले कर्मचारी राजू को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मोईद खान की बेकरी और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया था।
जांच के दौरान मोईद खान और राजू का डीएनए परीक्षण कराया गया। डीएनए रिपोर्ट में मोईद खान की रिपोर्ट निगेटिव जबकि राजू की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद 29 जनवरी 2026 को कोर्ट ने डीएनए रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मोईद खान को दोषमुक्त करार दिया, जबकि सहआरोपी राजू खान को 20 वर्ष की सजा सुनाई।
करीब डेढ़ वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहने के बाद 28 फरवरी 2026 को मोईद खान की रिहाई हुई और वह अपने घर लौटे, जहां परिवार और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
NGV PRAKASH NEWS
