बस्ती में यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारम्भ, डीआईजी और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की जागरूकता रैली…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारम्भ, डीआईजी संजीव त्यागी और एसपी ओमवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की जागरूकता रैली

बस्ती, 1 नवंबर 2026.

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को जनपद बस्ती में यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में शास्त्री चौक (झंडा चौराहा) से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप सिंह यादव, क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह, क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात कुलदीप त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, महिला थाना तथा सम्मानित नागरिकों ने भी सहभागिता की।

पूरे नवंबर चलेगा यातायात जागरूकता अभियान

यातायात माह के दौरान यातायात पुलिस और जनपद के सभी थानों की पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

विशेष रूप से स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा नुक्कड़ नाटकों और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

डीआईजी और एसपी ने आमजन से की यातायात नियमों के पालन की अपील

पुलिस विभाग की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा मानक हेलमेट पहनें और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर यात्रा न करें। चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें।

इसके साथ ही बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का संचालन न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर हमेशा बाईं ओर चलने की अपील की गई। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की भी विशेष हिदायत दी गई।

यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित सफर की गारंटी

यातायात माह का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करना भी है। पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और बहुमूल्य जीवन सुरक्षित रह सकें।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *