हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश: पूर्व फौजी को रिसोर्ट बुलाकर फसाया,वसूले लाखों…….

NGV PRAKASH NEWS

हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश: पूर्व फौजी को जाल में फंसाकर लाखों की वसूली, तीन गिरफ्तार

इंदौर, 04 अप्रैल 2026.

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए दो महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक रिटायर्ड फौजी की शिकायत के बाद की गई, जिसने सोशल मीडिया के जरिए रचे गए जाल में फंसकर बड़ी रकम गंवाई।

पीड़ित दीपक, जो भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद महू में रहकर निजी कार्य कर रहे हैं, ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर एक महिला का संदेश आया था। महिला ने खुद को परिचित बताते हुए बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं। कुछ दिनों बाद उसने मिलने के लिए एक लोकेशन भेजी, जहां पहुंचने पर दीपक को बहाने से बड़गोंदा क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में ले जाया गया।

रिसॉर्ट के कमरे में पहुंचने के कुछ देर बाद वहां एक अन्य महिला और एक युवक भी आ गए। तीनों ने मिलकर दीपक को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और झूठे महिला संबंधी केस में फंसाने की धमकी दी। बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़ित ने आरोपियों को मोटी रकम दे दी।

घटना के बाद हिम्मत जुटाकर पीड़ित ने बड़गोंदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और जांच के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीण डीएसपी उमाकांत चौधरी के अनुसार, गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था। पहले सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया जाता, फिर सुनसान जगह या रिसॉर्ट में बुलाकर ब्लैकमेलिंग की जाती थी।

जांच के दौरान एक और महिला की संलिप्तता सामने आई है, जिसे आरोपी बनाया गया है, जबकि एक अन्य महिला फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। वहीं एक अन्य युवक भी सामने आया है, जिसने इसी गिरोह पर अपने साथ भी इसी तरह की वारदात करने का आरोप लगाया है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने पहले भी कई लोगों को निशाना बनाया है, लेकिन बदनामी के डर से पीड़ित सामने नहीं आए।

इसके अलावा पुलिस ने उस फार्म हाउस और रिसॉर्ट संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की है, जहां बिना पहचान पत्र और सूचना के लोगों को ठहराया जा रहा था और संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है और मामले की जांच जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *