NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर में अवैध संबंधों का खौफनाक अंत: सरेआम महिला की गला रेतकर हत्या, आरोपी फरार
गोरखपुर, 04 अप्रैल 2026.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र स्थित गजपुर बाजार में अवैध संबंधों के विवाद ने एक भयावह मोड़ ले लिया, जहां देवर के दोस्त ने दिनदहाड़े एक शादीशुदा महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका खुशबू राज का पति उमेश विदेश में दुबई में प्लंबर का काम करता है। पति की गैरमौजूदगी में महिला का संबंध पड़ोस में रहने वाले देवर के दोस्त सीताराम से हो गया था। बताया जा रहा है कि सीताराम अक्सर महिला के घर आता-जाता था, जिसका परिवार द्वारा विरोध भी किया जाता रहा, लेकिन वह नहीं माना।
घटना के अनुसार, जब पति को इस संबंध की जानकारी हुई तो उसने अपने भाई को अवगत कराया। इसके बाद देवर ने सच्चाई जानने के लिए महिला और सीताराम को एक मंदिर में बुलाया, जहां दोनों से आमने-सामने बातचीत कराई गई। इस दौरान महिला से गंगाजल उठाकर कसम खाने को कहा गया, जिस पर महिला ने कसम खाते हुए कहा कि अब उसका सीताराम से कोई संबंध नहीं है और जो कुछ था वह शादी से पहले का था।
महिला का यह बयान सुनते ही सीताराम आक्रोशित हो गया और उसने सबके सामने चाकू से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी साउथ दिनेश पुरी के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS
