दीक्षांत परेड समारोह में 193 रिक्रूट आरक्षियों ने दिखाई दमदार प्रस्तुति…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दीक्षांत परेड समारोह 2025-26: रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में 193 रिक्रूट आरक्षियों ने दिखाई दमदार प्रस्तुति

बस्ती, 26 अप्रैल 2026.

जनपद बस्ती स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में रविवार को रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 पूरे गरिमामय और भव्य माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 193 रिक्रूट आरक्षियों ने भाग लेते हुए कठिन प्रशिक्षण के बाद अनुशासन, समर्पण और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी उपस्थित रहे, जिन्होंने पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की मौजूदगी में परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह लगभग 08:00 बजे परेड कमांडर द्वारा टोलियों को परेड स्थल पर लाने के साथ हुआ। इसके बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आगमन पर औपचारिक अभिवादन किया गया | तत्पश्चात मंडलायुक्त अखिलेश सिंह के पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया |

मुख्य अतिथि DIG बस्ती रेंज संजीव त्यागी के पहुंचने पर परेड की सुसज्जित टोलियों ने उन्हें सलामी दी। निरीक्षण के दौरान परेड की सटीकता और अनुशासन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा का संबोधन सजीव प्रसारण के माध्यम से सुनाया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीक से लैस, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त रहने का संदेश दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल की भूमिका को समाज में विश्वास और सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बताया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए उनके अनुशासन और मेहनत की सराहना की।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नवप्रशिक्षित आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोपरि रखने की सीख दी। इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंतिम चरण में सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने पूरे अनुशासन के साथ परेड स्थल से प्रस्थान किया, जिससे कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया, वहीं मुख्य अतिथि द्वारा मंडलायुक्त को स्मृति चिन्ह भेट किया गया। क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइंस द्वारा पुलिस अधीक्षक को इसमें चिन्ह भेंट किया गया |

आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स प्रदीप कुमार त्रिपाठी,प्रतिसार निरीक्षक तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समारोह में क्षेत्राधिकारी ह्ररैया स्वर्णिमा सिंह,क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव व बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *