अपने ही बच्चे की निर्मम हत्या करने वाली मां को पुलिस ने किया गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

छह वर्षीय बेटे की गला रेतकर हत्या करने वाली मां गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

बस्ती, 26 मई 2026.

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीखांस में अपने छह वर्षीय पुत्र की निर्मम हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्ता की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 13 मई 2026 को हरदीखांस गांव निवासी संदीप कुमार सिंह ने थाना कप्तानगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी कीर्ति सिंह ने उनके छह वर्षीय पुत्र सार्स्वत उर्फ यशवर्धन उर्फ प्रभव सिंह की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। मामले में थाना कप्तानगंज पर मुकदमा संख्या 124/2026 धारा 103(1) बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पारिवारिक कलह और घर में लगातार विवाद के चलते कीर्ति सिंह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह अपने पति और सास से नाराज रहती थी तथा आए दिन तानों से परेशान थी। घटना वाले दिन बेटे को डांटने के दौरान सास के ताना मारने पर वह गुस्से में आ गई और पहले छोटे चाकू से बच्चे का गला काटने का प्रयास किया। जब उससे गला नहीं कटा तो उसने दूसरे बड़े चाकू से बच्चे की गर्दन रेत दी।

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद अभियुक्ता ने खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन उसी दौरान उसका पति और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए, जिससे उसकी जान बच गई। घायल अवस्था में उसका इलाज जिला अस्पताल बस्ती में चल रहा था। इलाज के बाद मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान 38 वर्षीय कीर्ति सिंह पत्नी संदीप सिंह निवासी हरदीखांस थाना कप्तानगंज जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक विवेकानंद तिवारी, उपनिरीक्षक रविंद्र यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, राज कुमार दूबे, महिला कांस्टेबल मनोरमा सरोज तथा आरक्षी अर्पिता पाठक शामिल रहीं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *