बकरीद 28 को,जिला प्रशासन अलर्ट, शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

बस्ती, 26 मई 2026.

आगामी 28 मई से शुरू हो रहे तीन दिवसीय बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जनपदवासियों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने बस्ती जिले की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव की परंपरा को बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार के भ्रामक या भड़काऊ वीडियो प्रसारित न होने पाए, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी सीएचसी और पीएचसी पर स्वास्थ्यकर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहें तथा हीट वेव, डायरिया समेत अन्य आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा पुलिस और परिवहन विभाग को अवैध पशु तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने तथा सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने लोगों से खुले में कुर्बानी न करने की अपील करते हुए स्पष्ट कहा कि कोई नई परंपरा लागू नहीं होगी। ग्राम पंचायतों में डीपीआरओ, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और नगर पालिका प्रशासन को साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि बस्ती जनपद में हमेशा से भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की परंपरा रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने और शांति समिति के निर्णयों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित और संक्रमित पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी तथा कुर्बानी से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पशुओं के अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना देने की अपील की।

बैठक में नमाज निर्धारित स्थानों पर ही अदा करने और नमाज स्थलों के आसपास अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न करने की भी हिदायत दी गई।

बैठक का संचालन क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण ने किया। इस दौरान एएसपी श्याम कान्त, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, एसडीएम सदर हिमांशु कुमार, एसडीएम रुधौली मनोज प्रकाश, डीपीआरओ धनश्याम सागर, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह, सरदार जगवीर, वी.के. वर्मा, इमरान अली, जीशान हैदर रिजवी, राजकुमार पाण्डेय, मो. मारूफ खान समेत कई अधिकारी और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *