Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

असल पहचान छिपाकर महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
बस्ती, 27 मई 2026.
सोनहा पुलिस ने महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के आरोपी को घटना दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को भानपुर तिराहा के पास से दबोचा और उसके खिलाफ सुसंगत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुबेर अहमद पुत्र तौहिद अहमद निवासी रानी जोत मसकनवा थाना छपिया जनपद गोंडा के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है और वह तीन बच्चों का पिता है।
पीड़िता ने थाना सोनहा में दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि आरोपी ने खुद को “अजय” नाम का हिन्दू युवक बताकर उससे फोन पर संपर्क किया और शादी का भरोसा दिलाया। आरोप है कि दिसंबर 2024 में आरोपी महिला को उत्तराखंड के हरिद्वार ले गया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला को आरोपी की वास्तविक पहचान की जानकारी हुई।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना सोनहा में मु0अ0सं0 123/2026 के तहत धारा 69, 352 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष महेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक द्वारिका प्रसाद चौधरी और कांस्टेबल राजेन्सी वर्मा शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS