Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सरयू तटबंधों का निरीक्षण करने पहुंचीं जिलाधिकारी, बाढ़ से पहले सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
बस्ती, 03 जून 2026.
जनपद में संभावित बाढ़ और कटान से सुरक्षा के लिए चल रही परियोजनाओं तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को हर्रैया तहसील क्षेत्र में घाघरा नदी के बाएं तट पर स्थित गौरा-सैफाबाद, चांदपुर-गौरा, उमरिया रिंग बांध और कटरिया-चांदपुर तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य समय से पूरा करने और बाढ़ से पहले सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ कार्य खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि उमरिया रिंग बांध और उसके आसपास बसे 12 गांवों की सुरक्षा के लिए दो स्पर निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। वर्तमान में परियोजना की प्रगति लगभग 50 प्रतिशत है और इसे जून 2026 के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने और बाढ़ आने से पहले परियोजना को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौरा-सैफाबाद तटबंध के किलोमीटर 4.400 से 4.700 के बीच ग्राम मौजपुर की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे चार डैम्पनरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तीन डैम्पनरों का निर्माण पूरा हो चुका है जबकि शेष कार्य प्रगति पर है, जिसे 15 जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष कार्य किसी भी स्थिति में बाढ़ से पहले पूरा किया जाए ताकि क्षेत्र के गांवों को पर्याप्त सुरक्षा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कटरिया-चांदपुर तटबंध के किलोमीटर 4.500 पर स्थित बाढ़ चौकी और स्टोर का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के दौरान जूनियर इंजीनियर, सहायक अभियंता और अन्य कर्मचारी तटबंधों की लगातार निगरानी करते हैं तथा बाढ़ चौकी के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाता है। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए बोल्डर, बिक्ररोड़ा, नायलॉन क्रेट, जीआई वायर क्रेट और सीमेंट की खाली बोरियों सहित आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण भी किया गया है।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में जनधन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, सहायक अभियंता संजय शुक्ला, सत्येन्द्र गौतम, शीलभद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS