होटल के बाद अब अस्पताल में लगी आग 10 की मौत…….

NGV PRAKASH NEWS

मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत का दावा, 20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

मुजफ्फरपुर, 4 जून 2026.

दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल हुये अग्निकांड जिसमें 21 लोगों की जान चली गई के बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में भी एक बड़ा हादसा सामने आया है।

शहर के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद अस्पताल में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में करीब 10 मरीजों की मौत होने का दावा किया जा रहा है, जबकि 20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब तीन बजे अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू वार्ड में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे वार्ड में घना काला धुआं भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों को बाहर निकाला। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और वार्ड में फंसे करीब 20 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

मुजफ्फरपुर अग्निशमन विभाग के अधिकारी आर.एन. पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर कई लोग फंसे हुए थे और पूरा वार्ड धुएं से भर चुका था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दमकल कर्मियों ने बचाव अभियान चलाकर मरीजों को बाहर निकाला।

हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लोगों का गुस्सा भी देखने को मिला। मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद अस्पताल का स्टाफ, डॉक्टर और नर्स मरीजों को छोड़कर मौके से चले गए। कुछ दमकल कर्मियों ने भी दावा किया कि बचाव कार्य के दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं मिला। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर भी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *