Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अवैध असलहों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह और SOG टीम की संयुक्त कार्रवाई
बस्ती, 04 जून 2026
जनपद बस्ती में अपराध और अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस .32 बोर, एक अवैध कट्टा, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, लोहे की रॉड तथा नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना नगर क्षेत्र के ग्राम विरउपुर में पति-पत्नी के विवाद को लेकर मारपीट हो रही है तथा कुछ लोग असलहा लेकर पहुंचे हैं। सूचना पर थाना नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान राहुल उर्फ शुभम निवासी जलेबीगंज, थाना पैकोलिया को एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस .32 बोर के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने अपनी बहन और जीजा के बीच चल रहे विवाद की जानकारी अपने साथी ऋषभ सिंह निवासी लवदापुर, थाना कप्तानगंज को दी थी। आरोप है कि इसी विवाद में हस्तक्षेप करने के लिए वह असलहा लेकर मौके पर पहुंचा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राहुल ने अपने जीजा को पिस्टल दिखाकर धमकाया तथा मारपीट की घटना को अंजाम दिया।
राहुल की निशानदेही पर 3 जून को पुलिस ने ऋषभ सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध कट्टा, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक लोहे की रॉड, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, 1620 रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह की सक्रिय भूमिका रही। उनके नेतृत्व में थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह की कार्यशैली एक बार फिर चर्चा में रही। संयुक्त टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव सहित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
NGV PRAKASH NEWS