अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, करीब दो दर्जन युवक हिरासत में…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मालवीय रोड स्थित अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, करीब दो दर्जन युवक हिरासत में, संचालक पर मुकदमा दर्ज

बस्ती, 04 जून 2026.

शहर के मालवीय रोड स्थित द हैवेन रेस्टोरेंट में संचालित किए जा रहे अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब दो दर्जन युवकों को हिरासत में लिया गया, जबकि हुक्का बार के संचालक मो. आफताब और उसके स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

पुलिस के अनुसार मो. आफताब (28 वर्ष), पुत्र मो. सलीम, थाना कलवारी क्षेत्र के कमहौरा गांव का निवासी है और वही इस अवैध हुक्का बार का संचालन कर रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हुक्का बार में मौजूद युवकों से पूछताछ की तथा आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। क्षेत्राधिकारी नगर सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह सख्त कदम उठाया।

शहर में अवैध कारोबार और नशे से जुड़े मामलों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रहे सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी की इस कार्रवाई के बाद हुक्का बार संचालकों और ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस की लगातार सख्ती से जहां अपराधियों में खौफ बढ़ा है, वहीं आम नागरिकों में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।

सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध हुक्का बार, नशे के कारोबार और कानून के उल्लंघन से जुड़े मामलों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *