Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

टॉवर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक को पुलिस ने भेजा जेल, जिओ टॉवर कंपनी पर भी दर्ज हुआ मुकदमा
बस्ती, 04 जून 2026.
थाना हर्रैया पुलिस ने गांव में स्थित जिओ टॉवर पर चढ़कर हंगामा करने और लोगों में भय एवं अव्यवस्था फैलाने वाले युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में टॉवर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर जिओ टॉवर कंपनी को भी अभियोग में नामजद किया है।
पुलिस के अनुसार थाना हर्रैया क्षेत्र के ग्राम खमरियासुजात निवासी जन्मेजय सिंह उर्फ जय सिंह 03 जून की शाम शराब के नशे में गांव के बाहर स्थित जिओ टॉवर पर चढ़ गया था। टॉवर पर चढ़कर वह नीचे कूदने की धमकी दे रहा था तथा उत्तेजक और प्रकोपनपूर्ण शब्दों का प्रयोग कर रहा था, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि युवक का अपने बड़े भाई दिवाकर सिंह के साथ जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि कुछ लोगों के दुष्प्रेरण के चलते वह नशे की हालत में टॉवर पर चढ़ गया और अपने भाई से पैसे की मांग कर रहा था।
स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, ग्रामीणों और परिजनों के संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया ले जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिओ टॉवर की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। टॉवर परिसर में ऐसी कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं पाई गई, जिससे किसी व्यक्ति को टॉवर पर चढ़ने से रोका जा सके अथवा संभावित जनहानि को टाला जा सके। इसी आधार पर जिओ टॉवर कंपनी के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
थाना हर्रैया में मुकदमा संख्या 153/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में जन्मेजय सिंह उर्फ जय सिंह तथा जिओ टॉवर कंपनी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। साथ ही युवक का बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि युवक को टॉवर पर चढ़ने के लिए उकसाने वाले व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS