
NGV PRAKASH NEWS
कुरुक्षेत्र LNJP अस्पताल शर्मसार: इलाज कराने आई नाबालिग से डॉक्टर ने किया दुष्कर्म, हालत बिगड़ने पर हुआ भयंकर खुलासा!
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के प्रसिद्ध लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आई एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ ओपीडी (OPD) में तैनात एक डॉक्टर ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची के साथ बार-बार घिनौना काम किया। जब पीड़िता की ब्लीडिंग (रक्तस्राव) नहीं रुकी और उसकी हालत बिगड़ने लगी, तब जाकर इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।
‘मुझसे गलती हो गई…’ बोलकर डॉक्टर ने दी धमकी
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग लड़की पेट दर्द की शिकायत के बाद अपनी दादी के साथ एलएनजेपी अस्पताल में इलाज के लिए आई थी। इसी दौरान ओपीडी में तैनात डॉक्टर ने जांच के बहाने बच्ची को अकेले रूम में रखा और उसके साथ इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी डॉक्टर ने कथित तौर पर अपनी चमड़ी बचाते हुए कहा, “मुझसे गलती हो गई” और बच्ची का मुंह बंद रखने के लिए उसे डराया-धमकाया भी।
ब्लीडिंग नहीं रुकी तो खुला घिनौना राज
डॉक्टर की इस हैवानियत के बाद जब बच्ची की ब्लीडिंग बंद नहीं हुई और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी, तब उसने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत इस बात की शिकायत पुलिस और अस्पताल प्रशासन से की।
SHO सुरेंद्र बोले- “बोलते हुए भी शर्म आती है…”
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आई। मामले पर दुख और आक्रोश जताते हुए एसएचओ (SHO) सुरेंद्र ने कहा, “मुझे यह बोलते हुए भी बेहद शर्म आती है कि जो डॉक्टर भगवान का रूप होता है और जिसके पास एक नाबालिग बिटिया इलाज की उम्मीद लेकर आई थी, उसने उसके साथ ऐसा घिनौना और अमानवीय कृत्य किया।”आरोपी डॉक्टर की सेवाएं समाप्त, महिला आयोग सख्त
इस रूह कँपा देने वाली घटना की गूंज राज्य सरकार और महिला आयोग तक पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर रिटायर्ड सीएमओ (CMO) शैलेंद्र शर्मा है, जो अनुबंध (Contract) पर अस्पताल में सेवाएं दे रहा था। मामला सामने आते ही तुरंत उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं और पुलिस ने उसके खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने भी अस्पताल का दौरा कर वहां मौजूद नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी फटकार लगाई है कि एक यंग लड़की को डॉक्टर के साथ अकेले रूम में कैसे छोड़ दिया गया। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS