Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर बस्ती में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने दिलाई एकता एवं अखंडता की शपथ
बस्ती, 31 अक्टूबर 2026
भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद बस्ती में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडलायुक्त ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
मंडलायुक्त ने सभी को संकल्प दिलाया कि वे राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने का भरसक प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेन्द्र प्रसाद यादव, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, उप निदेशक पंचायत हरिकेश बहादुर, उप श्रमायुक्त रचना केशरवानी, वैयक्तिक सहायक बजरंग बली पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रत्येक नागरिक और अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उपायुक्त मनरेगा संजय शर्मा, उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, राजेश यादव, रश्मि यादव सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।
NGV PRAKASH NEWS