NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर में STF की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल हसन उर्फ बाबू मुठभेड़ में ढेर, बसपा नेता हत्याकांड का था आरोपी
गोरखपुर, 14 जुलाई 2026।
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और गोरखपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल हसन उर्फ बाबू को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार वह बसपा नेता कमालुद्दीन उर्फ कमालू हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, STF को सूचना मिली थी कि आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के खुन्दनपुर गांव का रहने वाला मुस्तफिजुल हसन गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र स्थित रामनगर करजहा से कुशीनगर की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर STF और स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान STF का एक मुख्य आरक्षी भी घायल हुआ, जिसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार मुस्तफिजुल हसन पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आपराधिक साजिश, धमकी और पुलिस हिरासत से फरार होने सहित 10 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2021 में बसपा नेता कमालुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या के मामले में उस पर एडीजी वाराणसी जोन द्वारा 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि वह दिसंबर 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती जिले से पुलिस हिरासत से फरार हो गया था, जिसके बाद उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS