NGV PRAKASH NEWS


बस्ती में जमीनी विवाद ने लिया खूनी मोड़: पुलिस की मौजूदगी में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बस्ती, 14 जुलाई 2026।
बस्ती के हर्रैया थाना क्षेत्र के जीवधरपुर गांव में जमीनी विवाद के दौरान एक युवक की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 13 जुलाई की रात करीब 9 बजे पुरानी जमीन की रंजिश को लेकर गांव निवासी सुमित सिंह उर्फ मोनू और उसके पिता अवध बिहारी सिंह कथित रूप से लाठी-डंडों से लैस होकर उनके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने शिव कुमार सिंह के साथ मारपीट की, उन्हें घसीटते हुए बाहर ले गए और गला पकड़कर जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल शिव कुमार सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी के दौरान हुई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
C. O. सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी का कहना है कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS