इनामी चोर 23 kg गाजा और अवैध तमंचा के साथ गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

₹50 हजार का इनामी चोर गिरफ्तार, 23.810 किलो गांजा, अवैध तमंचा और बिना नंबर की पिकअप बरामद; संतकबीरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

संतकबीरनगर, 19 जुलाई 2026।

जनपद संतकबीरनगर पुलिस ने अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस महानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र द्वारा घोषित ₹50 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त समेत तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 23 किलोग्राम 810 ग्राम अवैध गांजा, बिना नंबर की बोलेरो पिकअप, एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त पुलिस टीम को ₹25 हजार नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के निर्देशन, पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी तथा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप सिंह एवं थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली कि बिना नंबर की एक बोलेरो पिकअप में सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति असरशपुर बाजार क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही धनघटा पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरियर तोड़ते हुए सिरसी की ओर भाग निकला।

सूचना मिलते ही महुली पुलिस ने भी आगे घेराबंदी कर दी। दोनों ओर से घिर जाने पर आरोपी भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार पिकअप एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। हादसे में चालक के पैर में चोट आने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

तलाशी में मिला गांजा और अवैध हथियार

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में पिकअप से 23 किलो 810 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। वहीं आरोपी शाह गुलाम जिलानी के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो पिकअप, दो मोबाइल फोन तथा 800 रुपये नकद भी बरामद किए।

बरामदगी के आधार पर थाना धनघटा में मु0अ0सं0 512/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 338, 336(3), 340(2), 3(5), एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • भुट्टू अली पुत्र नूर मोहम्मद शाह, निवासी अहिरौली दुबौली टोला तकिया, थाना गोपालपुर, जिला गोपालगंज (बिहार)
  • नूर मोहम्मद शाह पुत्र मोहम्मद वकील शाह, निवासी उपरोक्त
  • गुलाम जिलानी पुत्र नूर मोहम्मद शाह, निवासी उपरोक्त

₹50 हजार का इनामी निकला मुख्य आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी भुट्टू अली थाना धनघटा में दर्ज चोरी के मुकदमे मु0अ0सं0 313/2025 में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र द्वारा ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। उसके विरुद्ध संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, गोवंश तस्करी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर अपराधों के कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं आरोपी नूर मोहम्मद शाह के विरुद्ध भी गोरखपुर जनपद में दो आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए।

पूछताछ में किए कई सनसनीखेज खुलासे

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले चोरी और गोवंश तस्करी करते थे तथा वर्तमान में अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध गांजे की तस्करी कर विभिन्न क्षेत्रों में उसकी बिक्री करते हैं। तस्करी से मिलने वाले धन से वे ऐशो-आराम का जीवन व्यतीत करते थे।

आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कबाड़ और नए पार्ट्स खरीदकर बिना नंबर की बोलेरो पिकअप तैयार कराई थी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से वाहन के इंजन नंबर और चेसिस नंबर को रेती से घिसकर मिटा दिया था, ताकि पुलिस वाहन की पहचान न कर सके।

मुख्य आरोपी भुट्टू अली ने पूछताछ में स्वीकार किया कि करीब एक वर्ष पहले उसने अपने साथियों के साथ थाना धनघटा क्षेत्र के ग्राम सिरसी तथा थाना महुली क्षेत्र के तरयापार में रात्रि के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उसने यह भी बताया कि वारदात के दौरान सुरक्षा के लिए उसने अपने साथी हिमताज उर्फ इम्तियाज को तमंचा और कारतूस उपलब्ध कराया था।

उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर तथा बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी और गोवंश तस्करी जैसी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

संयुक्त पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह, थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पाण्डेय, रविन्द्र निषाद, जितेन्द्र यादव, सलमान अंसारी, तबरेज खान, आनन्द दूबे तथा राज मंगल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ₹25,000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *