कमिश्नर नें डीएम व एसपी के साथ बाढ़ क्षेत्र व कावड़ यात्रा के रास्तों का किया निरिक्षण…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

बस्ती, 19 जुलाई 2026।

संभावित बाढ़ की स्थिति एवं आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर कमिश्नर अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने संयुक्त रूप से टांडा-कलवारी पुल एवं उसके आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति, आवागमन की व्यवस्था, तटबंधों की सुरक्षा तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, जलस्तर पर लगातार नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत अधिकारियों ने आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत यात्रा मार्गों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मार्गों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कमिश्नर अखिलेश सिंह ने कहा कि बाढ़ और कांवड़ यात्रा, दोनों को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *