Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को हरैया पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया
बस्ती, 23 जुलाई 2026।
जनपद बस्ती के थाना हरैया पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 212/2026 के तहत धारा 65(1)/351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब 06:30 बजे अमारी मोड़ क्षेत्र से आरोपी नितेश कुमार पाठक (23 वर्ष) पुत्र अनिल कुमार पाठक, निवासी ग्राम बयार पूरे गुमान, थाना हरैया, जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना नियमानुसार की जा रही है तथा पीड़िता से संबंधित जानकारी को कानूनी प्रावधानों के तहत गोपनीय रखा गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, उप निरीक्षक सूर्य प्रकाश पांडे, उप निरीक्षक उमाशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल वरुण राय, हेड कांस्टेबल सौरभ त्रिपाठी तथा रिक्रूट कांस्टेबल अतुल मिश्रा शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS