Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

छावनी पुलिस ने पकड़ा 8 किलो गांजा, तीन गिरफ्तार; बरामद माल की कीमत 8.62 लाख रुपये
बस्ती | 29 अगस्त 2026
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में छावनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर-प्रांतीय गांजा तस्करी गिरोह के तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 8 लाख 62 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर टीम ने कलानी खुर्द के पास कार्रवाई की। हर्रैया कस्बे से परशुरामपुर की ओर गांजा लेकर जा रहे तीन लोगों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनी (20) निवासी महुघाट, थाना हरैया, सौरभ वर्मा (23) निवासी जगदीशपुर, थाना हरैया और सुरेश (30) निवासी अजगरा बांसगांव, थाना हरैया के रूप में हुई है।
दो बाइक, तीन मोबाइल और नकदी भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 किलो गांजे के अलावा दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और 240 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पैसों के लालच में गांजे को छिपाकर ले जा रहे थे। उनका दावा है कि गांजा उन्हें सुभाष और नीतेश साहू ने दिया था, जिसे बेचने के लिए वे जा रहे थे। पुलिस के अनुसार दोनों संदिग्ध उनके पीछे आ रहे थे, लेकिन पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए।
सुरेश को पुलिस ने बताया गिरोह का सरगना
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुरेश अंतर-प्रांतीय गांजा तस्करी गिरोह का कथित सरगना है। पुलिस का दावा है कि उसे इससे पहले भी ओडिशा पुलिस गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामले में छावनी थाने में मु0अ0सं0-179/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार बताए जा रहे सुभाष और नीतेश साहू की तलाश भी पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में व0उ0नि0 सत्येंद्र सिंह, उपनिरीक्षक राधेश्याम त्रिपाठी, सभाजीत मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद चौहान समेत छावनी थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
NGV PRAKASH NEWS