Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन की मौत, एक गंभीर
बस्ती | 29 अगस्त 2026
लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर डकही पेट्रोल पंप के पास शनिवार को कार और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे में सहाबुद्दीन (25) पुत्र साह मोहम्मद, थाना नगर, मोहम्मद शरीफ सेख (26) पुत्र मोहम्मद आजम निवासी घोइसापुर, थाना नगर तथा नूर आलम (लगभग 24 वर्ष) निवासी ईश्ताक, घोइसापुर की मौत हो गई। वहीं कार सवार अविनाश वर्मा (लगभग 41 वर्ष) पुत्र राजीव वर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही राम-जानकी मार्ग पर घायलों की मदद के लिए सक्रिय रहने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी तत्काल सीएचसी कलवारी पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकीय टीम के साथ घायलों के उपचार और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग किया।
डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में तत्काल प्राथमिक उपचार और जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना घायल की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में एक साथ तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कलवारी टांडा मुख्य मार्ग पर कर और बाइक की टक्कर हो गई है, सूचना पाकर कलवारी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई |



उन्होंने बताया कि तीन लोगों मौके पर मौत हो गई जो नगर थाना क्षेत्र के निवासी है तथा कार चालक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है |
वहीं प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों मृतक मुंबई में से अभी चार-पांच दिन पूर्व भी घर आए थे |
NGV PRAKASH NEWS