Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS



वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह को पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
बस्ती | 30 अगस्त 2026
वाल्टरगंज थाने के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह के निधन के बाद रविवार को पुलिस लाइन में उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शोक धुन के बीच पुलिसकर्मियों ने शोक सलामी दी और दिवंगत अधिकारी के परिजनों को ढांढस बंधाया।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को करीब दोपहर 1 बजे सूर्य प्रकाश सिंह अपने हमराही और चालक के साथ पानी की टंकी के पास पहुंचे थे। उन्होंने हमराही और चालक को सिविल लाइन चौकी पर रुकने के लिए कहा और कचहरी के पास स्थित अपने आवास पर आराम करने की बात कहकर चले गए।
शाम को थाने और हमराहियों की ओर से कई बार फोन किए जाने के बावजूद जब उन्होंने फोन नहीं उठाया तो मामले की जानकारी सिविल लाइन चौकी प्रभारी को दी गई। इसके बाद उनके आवास पर मौजूद उपनिरीक्षक बलराम से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि ड्यूटी से लौटने पर आवास का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया। अंदर सूर्य प्रकाश सिंह पंखे से फंदे के सहारे लटके मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
सूर्य प्रकाश सिंह मूल रूप से भीलमपुर छपरा, थाना अतरौलिया, आजमगढ़ के रहने वाले थे। वह 15 फरवरी 1988 को आरक्षी के पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। 7 सितंबर 2008 को हेड कांस्टेबल और 11 नवंबर 2016 को वरिष्ठ सूची से उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए थे।
पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
NGV PRAKASH NEWS