Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

थानेदार के सुसाइड में ‘बाहरी व्यक्ति’ का मिला कनेक्शन, पुलिस जांच में अहम सुराग
वाल्टरगंज थाने के थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह की आत्महत्या का मामला, कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
बस्ती 1 सितंबर 2026।
📍1 वर्ष के भीतर जिले के दो उप निरीक्षकों का आत्महत्या कर लेना पुलिस विभाग के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है |
पहले परशुरामपुर थाना पर तैनात उपनिरीक्षक अजय गौड़ द्वारा सरयू नदी में कूद कर आत्महत्या कर लिया गया जिसमें अभी तक पुलिस यह नहीं पता लगा पाई कि आखिर वह कौन सा कारण था जिसके वजह से उप निरीक्षक अजय गौड़ द्वारा आत्महत्या कर लिया गया |
और अब जनपद के वाल्टरगंज थाने के तेजतर्रार,मिलन सार और कर्मठी थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले ने पुलिस विभाग के अधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीरें पैदा कर दी हैं |
पुलिस मामले में आत्महत्या के कर्म की ताकत जाने में जुटी है और सूत्रों की माने तो पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं |
📍पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के अनुसार जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस की अब तक की जांच में एक ऐसे ‘बाहरी व्यक्ति’ की भूमिका सामने आ रही है, जिसका पुलिस विभाग से कोई सीधा संबंध नहीं है और न ही वह थानाध्यक्ष के पारिवारिक करीबियों में शामिल बताया जा रहा है। पुलिस इस व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि थानाध्यक्ष किसी बात को लेकर ब्लैकमेल किए जाने की आशंका से परेशान थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप रिकॉर्ड की जांच
पुलिस ने थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह का मोबाइल घटना स्थल से कब्जे में लिया था। अब कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप चैट और डाटा रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को उम्मीद है कि मोबाइल से घटना से जुड़े अहम साक्ष्य मिल सकते हैं।
परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में शोक सलामी देने के बाद परिवारजन पार्थिव शरीर लेकर आजमगढ़ रवाना हो गए। परिजन भी घटना को लेकर कई सवालों के जवाब तलाश रहे हैं।
थानाध्यक्ष के बेटे संदीप सिंह के अनुसार, घटना से दो दिन पहले तक उनके पिता परिवार के साथ सामान्य रूप से थे और पिता से मिलकर लखनऊ गए थे। उस समय ऐसा कुछ नहीं लगा जिससे अंदाजा लगाया जा सके कि वह इतना बड़ा कदम उठाने वाले हैं।
चार महीने पहले हुई थी तैनाती
बताया गया कि आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीलमपुर छपरा निवासी सूर्यप्रकाश सिंह (57) पुत्र स्वर्गीय उमाशंकर सिंह, सिद्धार्थनगर जनपद से स्थानांतरित होकर बस्ती आए थे। करीब चार माह पूर्व पीआरओ एसपी के पद से उनकी तैनाती एसओ वाल्टरगंज के पद पर हुई थी।
घटना वाले दिन थानाध्यक्ष वाल्टरगंज मय हमराही क्षेत्र में आए थे। इसके बाद वह हड़हवा पानी टंकी के पास से उत्तर कर अपने आवास पर आराम करने की बात कहकर चले गए। हमराहियों को सिविल लाइन चौकी पर जाकर रुकने के लिए कहा गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक केस के सिलसिले में कोर्ट में भी गए थे |
करीब तीन-चार घंटे बाद हमराहियों और थाने से उन्हें फोन किया जाने लगा, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसकी जानकारी प्रभारी चौकी सिविल लाइन को दी गई।
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
वाल्टरगंज थाने के साथ रहने वाले एसआई बलराम से जब सरकारी आवास पर पहुंचने को कहा गया तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो पैर से दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई।
अंदर थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह पंखे से लटके मिले। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य बनी हुई है।
पुलिस टीम आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है। एसपी के मुताबिक सभी एंगल पर छानबीन की जा रही है और जल्द ही जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
NGV PRAKASH NEWS