रंजिश में हुये मारपीट में एक व्यक्ति की मौत के मामले में 8 गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पुरानी रंजिश में मारपीट, घायल की इलाज के दौरान मौत; आठ आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर, 1 सितंबर 2026।

थाना मोहाना क्षेत्र के ग्राम बेलहरी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने आठ वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोटा बांस का डंडा, एक यूकेलिप्टस का डंडा और एक स्टील का पाइप भी बरामद किया है।

मामला 26 जून 2026 का है। ग्राम बेलहरी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस दौरान जमाल अहमद पुत्र अकबर अली के सिर में गंभीर चोट लगी थी। घटना के संबंध में थाना मोहाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। घायल जमाल अहमद का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में कराया गया, जहां से 18 जुलाई को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था।

बाद में स्वास्थ्य खराब होने पर परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय सिद्धार्थनगर ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। इसके बाद जमाल अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया गया। वहां 28/29 अगस्त की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की।

नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सड्डा तिराहे पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, वहां आठ आरोपी सवारी का इंतजार कर रहे थे और नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में जुबेर अहमद, क्यूम अहमद, इमरान अहमद, कमरूद्दीन उर्फ रियाज, महबुद उर्फ महबूब, सफीउल्लाह, मोहम्मद आरिफ और हफीजुल्लाह उर्फ हाफू शामिल हैं। सभी बर्डपुर नंबर-5 के टोला छोटकी बेलहरी, थाना मोहाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सफीउल्लाह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2008 में मारपीट, तोड़फोड़, घर में घुसने और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी शुद्धोधन जगतनरायन यादव, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार समेत थाना मोहाना के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *