
NGV PRAKASH NEWS
प्रेम प्रसंग में जहरीली शराब से चार की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार – पुलिस ने किया खुलासा
बाढ़, पटना। बाढ़ थाना क्षेत्र के सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव में चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता लाली कुमार को गिरफ्तार किया है।
पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बुधवार को बताया कि 30 अगस्त को सैदपुर टोला में चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर FSL टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
पूछताछ में आरोपी लाली कुमार ने बताया कि मृतक निशु कुमार का उसकी बहन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसको लेकर दोनों में पुराना विवाद था। साथ ही निशु के साथ शराब पीने वाले तीन अन्य लोग उसे चिढ़ाते थे। इसी रंजिश में लाली ने चारों को जहर देकर मारने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब में जहर मिलाया था। जांच में सामने आया है कि यह शराब लाली ने रुदल कुमार से ली थी, जो आलू-प्याज और सब्जी बेचने का काम करता है। रुदल ने यह शराब एक विधि-विरुद्ध बालक से ली थी और उस बालक ने यह शराब सतीश उर्फ सन्नी से प्राप्त की थी। पुलिस सतीश समेत अन्य की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि मौत जहरीले पदार्थ से ही हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि FSL रिपोर्ट आने के बाद होगी।
मामले की गहन जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। SIT में बाढ़-2 के SDPO आयुष, बाढ़ थानाध्यक्ष, हाथीदह के अंचल निरीक्षक, मोकामा, पंडारक, सलीमपुर, सम्यागढ़, ससोरा, NTPC थानाध्यक्षों के साथ SI रविंद्र कुमार, SI पंकज कुमार सिंह, SI जयप्रकाश ठाकुर और DIU की टीम शामिल है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
NGV PRAKASH NEWS