Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को सोनहा पुलिस ने वापस कराए 65 हजार, खाते में पहुंची रकम
बस्ती 16 अक्टूबर 2026.
जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोनहा की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को ₹65,000 की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। ठगी की रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
80 हजार की हुई थी साइबर ठगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सोनहा क्षेत्र के ग्राम तेनुआ असनहरा निवासी अरविन्द कुमार पुत्र रामचंद्र के साथ साइबर ठगों ने ₹80,000 की ठगी की थी। पीड़ित की शिकायत मिलने पर थाना सोनहा में शिकायत दर्ज कर संबंधित बैंक से पत्राचार किया गया।
तकनीकी कार्रवाई से रोकी गई 69,435 की रकम
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली अनिल सिंह के नेतृत्व में साइबर अपराध के विरुद्ध कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष महेश सिंह और साइबर सेल थाना सोनहा के टीम प्रभारी शेखर प्रसाद साहनी, आरक्षी राजेन्सी वर्मा सहित टीम ने त्वरित विधिक एवं तकनीकी कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया।
पुलिस टीम ने साइबर ठगी से संबंधित ₹69,435 की धनराशि को लीन/होल्ड कराने में सफलता प्राप्त की। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के आदेश के माध्यम से ₹65,000 की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। शेष धनराशि के संबंध में संबंधित बैंक को ई-मेल के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुरोध किया गया है।
रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने जताया आभार
साइबर ठगी की रकम वापस मिलने से पीड़ित अरविन्द कुमार को राहत मिली। उन्होंने थाना सोनहा की साइबर सेल टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायत मिलने पर समय से शिकायत दर्ज कराना और संबंधित बैंक एवं पुलिस से तत्काल संपर्क करना धनराशि को सुरक्षित कराने में मददगार हो सकता है।
NGV PRAKASH NEWS